बिक्रमजीत सिंह
हरिद्वार (संसार वाणी) आज योगस्थली खेल परिषद, रोशनाबाद में 4वीं जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर के 25 से अधिक स्कूलों एवं क्लबों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में अंडर-12, अंडर-14, अंडर-17 एवं 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में लगभग 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से करीब 80 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए किया गया है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 19 मई को देहरादून में आयोजित की जाएगी, जिसमें चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद जी रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई-नई नीतियां लागू कर रही है, जिससे जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर पीईएफआई (Physical Education Foundation of India) उत्तराखंड के सचिव जनरल धर्मेंद्र बलियान, दुष्यंत राणा जी एवं संदीप सैनी जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में टीम चैंपियनशिप के परिणामों में शिवालिक ताइक्वांडो अकादमी, रुड़की ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, द्वितीय स्थान पर व्हिज्जकिड इंटरनेशनल स्कूल रहा, जबकि नवयुग ताइक्वांडो अकादमी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस आयोजन में कोच के रूप में मनु सोनकर, रविंद्र पंवार , गोपी, बिट्टू जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, रेफरी पैनल में मेघा, नमन सैनी, अजय वर्मा, रिंकू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में नमन सैनी ने तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा, जिनके सहयोग से प्रतियोगिता का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के कौशल को निखारने का मंच बनी, बल्कि भविष्य के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।









